एसएमएस अस्पताल अलर्ट मोड पर: इमरजेंसी में अतिरिक्त चिकित्सक तैनात

0
45

जयपुर। होली और धुलंडी के मौके पर संभावित आकस्मिक परिस्थितियों को देखते हुए एसएमएस हॉस्पिटल प्रशासन ने तीन मार्च के लिए अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश जारी किए हैं। त्योहार के दौरान हादसों, झगड़ों, सड़क दुर्घटनाओं और केमिकल मिश्रित रंगों से होने वाली समस्याओं की आशंका के मद्देनजर विशेष तैयारियां की गई हैं।

अस्पताल प्रशासन की ओर से न्यूरो सर्जरी, अस्थि रोग, सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, नेत्र रोग, त्वचा रोग और जनरल मेडिसिन सहित संबंधित विभागाध्यक्षों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी व्यवस्था में अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं में नोडल अधिकारी स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए 24 घंटे मुस्तैदी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक एवं प्रवक्ता डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि होली के दौरान हर साल इमरजेंसी में मामलों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सभी विभागों को अलर्ट रखा गया है और आवश्यक दवाइयों व संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

वहीं स्किन विभाग के एचओडी डॉ. दीपक माथुर ने सलाह दी कि होली खेलते समय केमिकल मिश्रित गुलाल और रंगों से विशेष सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि रंगों से खेलने से पहले त्वचा पर नारियल का तेल या वैसलीन लगा लेना चाहिए, जिससे रंग सीधे त्वचा के संपर्क में न आए और एलर्जी या जलन की संभावना कम हो। उन्होंने अपील की कि यदि आंखों या त्वचा में जलन, खुजली, सूजन या किसी प्रकार की एलर्जी हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें और घरेलू उपचार पर निर्भर न रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here