जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौमू थाना इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11.300 किलोग्राम गांजा और 2 लाख 65 हजार 450 रुपए नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर(अपराध) मनीष अग्रवाल ने बताया कि सीएसटी टीम लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चौमू के भट्टों की गली स्थित खिजूर वाली ढाणी के पास अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आशीष कुमावत निवासी चौमूं को पकड़ा और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 11.300 किलो अवैध गांजा, 2,65,450 रुपए नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गांजे की खेप कहां से लाया था और इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




















