जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने मंगलवार को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य की 9.15 ग्राम स्मैक बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में सीएसटी ने हरमाड़ा थाना पुलिस के साथ मिलकर इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी को हरमाड़ा इलाके में मादक पदार्थ की सप्लाई होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर टीम ने जाल बिछाया और रिद्धि सिद्धि नगर तिराहा बैनाड़ रोड के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 9.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने विशाल (21) निवासी टांई,जिला झुंझुनू हाल हरमाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लेकर आया था और जयपुर में इसके नेटवर्क से कौन-कौन जुड़े हैं।




















