एसओजी ने आईओसी पाइपलाइन से तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा

0
33
SOG Apprehends Interstate Gang Stealing Oil from IOC Pipeline
SOG Apprehends Interstate Gang Stealing Oil from IOC Pipeline

जयपुर। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की पाइपलाइन से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसओजी ने इस मामले में मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक तकनीकी विशेषज्ञ अभी फरार है। पूरी कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल के निर्देशन में की गई।

एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि यह वारदात पाली जिले के सेन्दड़ा थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में अगस्त 2023 में अंजाम दी गई थी। आरोपियों ने ब्यावर-रामगढ़ क्षेत्र से गुजर रही केजेपीपीएल पाइपलाइन को पंक्चर कर उसमें अवैध रूप से वाल्व लगा दिया था।

इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंधक शेर सिंह चौहान ने 5 अगस्त 2023 को सेन्दड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पाइपलाइन में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ होने के कारण बड़ी दुर्घटना या आग लगने का खतरा भी बना हुआ था, जिससे मामला बेहद गंभीर माना गया।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू महाराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। चूंकि हाई-प्रेशर पाइपलाइन को पंक्चर करने का तकनीकी ज्ञान इनके पास नहीं था, इसलिए उन्होंने अहमदाबाद (गुजरात) निवासी पंकज वाघेला को लाखों रुपये का लालच देकर बुलाया।

वाघेला ने जनरेटर और अन्य उपकरणों की मदद से लक्ष्मण सिंह रावत के खेत में गुजर रही पाइपलाइन को पंक्चर कर उस पर वाल्व वेल्ड कर दिया, जिससे चोरी करना आसान हो गया। आरोपियों ने चोरी को छिपाने के लिए वाल्व के चारों ओर मिट्टी के कट्टे भरकर उसे दबा दिया और ऊपर से ट्रैक्टर से जुताई कर दी, ताकि किसी को शक न हो।

एक रात जब आरोपी टैंकर लेकर तेल निकालने पहुंचे तो पाइपलाइन में बहाव कम होने के कारण अधिक मात्रा में तेल नहीं निकाल पाए। वापसी के दौरान उनका टैंकर खेत की दलदली जमीन में फंस गया। टैंकर को ट्रैक्टरों की मदद से निकालते समय खेत की सतह पर आए बदलाव और ढीली मिट्टी को देखकर आईओसी की गश्त टीम को संदेह हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

एसओजी ने इस मामले में जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू महाराज (31) निवासी निचला बाड़िया , देवेन्द्र सिंह (32) निवासी रामगढ़ सेडोतान,प्रताप शेर सिंह उर्फ शेरू (36) निवासी केसरपुरा, प्रेम सिंह (48) निवासी केसरपुरा को गिरफ्तार किया है और इस मामले में अहमदाबाद निवासी तकनीकी विशेषज्ञ पंकज वाघेला फिलहाल फरार है। एसओजी उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह की संभावित वारदातों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here