श्री गोविंददेवजी मंदिर में रंगों की बौछार: ठाकुरजी संग भक्तों ने खेली फूलों की होली

0
38
Splash of colours at Shri Govinddevji Temple
Splash of colours at Shri Govinddevji Temple

जयपुर। जयपुर के श्री गोविंद देव जी मंदिर में सोमवार को होली उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में विशेष झांकियां सजाई गईं और भगवान राधा-गोविंद की सुसज्जित प्रतिमा के समक्ष भक्तों ने रंगों का आनंद लिया।

उत्सव की शुरुआत ठाकुरजी को फूलों की होली अर्पित कर की गई। महंत अंजन गोस्वामी ने राजभोग झांकी में ठाकुर श्रीजी को गुलाल अर्पित कर आरती उतारी। इसके बाद भक्तों ने चंग की थाप और पारंपरिक भजनों के साथ होली खेली। पुजारियों द्वारा पिचकारी से पानी की बौछार की गई और श्रद्धालुओं पर रंग-बिरंगा गुलाल फेंका गया। फूलों की वर्षा के बीच पूरा मंदिर परिसर रंगों से सराबोर हो गया।

बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवतियां और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने हाथ ऊपर उठाकर जयकारे लगाए और भगवान को होली की बधाई दी। राधा-गोविंद संग होली खेलने आए भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया। इधर भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था देवउठनी एकादशी और दीपावली की तर्ज पर की गई है।

सभी श्रद्धालुओं की एंट्री जलेब चौक से तथा निकासी जय निवास उद्यान की ओर से की गई। साथ ही श्रद्धालुओं को दो लाइनों से प्रवेश दिया गया है। जूता-चप्पल पहनकर आने वाले बाहर बने रैंप से दर्शन किया,जबकि बिना जूता-चप्पल वाले मंदिर छावनी में प्रवेश कर दर्शन किया।

वहीं मंदिर प्रशासन ने अपील की गई है कि श्रद्धालु कीमती सामान, बैग या भारी आभूषण पहनकर न आएं तथा पानी की बोतल साथ रखें। हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर या सांस की तकलीफ से पीड़ित लोगों से भी भीड़ को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here