1 अप्रैल से ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान, वार्ड व ग्राम स्तर पर होंगे अध्यक्ष नियुक्त : डोटासरा

0
49
Dotasra to hold a meeting regarding the 'Expand the Organization—Save Democracy' campaign.
Dotasra to hold a meeting regarding the 'Expand the Organization—Save Democracy' campaign.

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में संगठन विस्तार की कवायद तेज कर दी गई है। इसके तहत नवगठित ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष तथा सभी नगर निकायों के वार्डों में वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए दी।

डोटासरा ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ 30 दिवसीय अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त कर 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से वार्ड, ब्लॉक और जिला स्तर पर जन-जागरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार हार के डर से नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव जानबूझकर टाल रही है। ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग के गठन में देरी, संसाधनों की कमी और रिपोर्ट को आधार बनाकर चुनाव टालना लोकतंत्र पर प्रहार है। उन्होंने कहा कि कभी ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ तो कभी परिसीमन के नाम पर चुनाव टाले जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण विकास प्रभावित हो रहा है।

डोटासरा ने यह भी कहा कि दूषित मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, जबकि चुनाव आयोग एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर चुका है।

अभियान के तहत डोटासरा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे। 2 और 3 अप्रैल को ब्यावर और बालोतरा का दौरा प्रस्तावित है।

इसके अलावा रसोई गैस की किल्लत को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा। डोटासरा ने कहा कि गैस संकट के कारण आमजन, होटल, रेस्टोरेंट और छात्रावास प्रभावित हो रहे हैं तथा हजारों लोग बेरोजगार हुए हैं। इसके विरोध में 27 मार्च 2026 को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here