जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के अम्बेडकर अध्ययन केन्द्र में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष शुभम डंडोरिया के नेतृत्व में किया गया।
इस शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों की नेत्र जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उचित उपचार एवं सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
आयोजक शुभम डंडोरिया ने बताया कि विद्यार्थियों के हितों के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर अपनी आंखों की जांच करवा सकें और संभावित बीमारियों से बचाव कर सकें।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर लाभ उठाया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से करने की आवश्यकता जताई। आयोजकों ने भी भविष्य में इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का आश्वासन दिया।




















