जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में प्रदेशभर में आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को महिला सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा गुरुवार को वर्चुअल माध्यम के जरिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यभर के 820 कॉलेजों के हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा तथा नए कानूनों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सिविल राईट लता मनोज कुमार ने देवली कॉलेज से जुड़कर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने,किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से सहायता लेने तथा समाज में सुरक्षा का माहौल बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने राजकॉप सिटीजन ऐप का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया और इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर आयुक्त कॉलेज शिक्षा डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और महिला सम्मान को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने राजस्थान पुलिस की इस पहल का पूरा—पूरा लाभ लेने और समस्त विद्यार्थियों को राजकोप सिटीजन एप को डाउनलोड करते हुए आपदा स्थितियों में लाभ उठाने की अपील की।
इस कार्यक्रम में डीआईजी साइबर क्राइम विकास कुमार ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तृत प्रेजेंटेशन देते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी,साइबर अपराधों के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में जानकारी दी। वहीं डीआईजी अपराध शाखा दीपक भार्गव ने नवीन न्याय संहिता तथा महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्रदान की।
इस कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग सुनीता मीणा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रियता से भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं।
एडीजी लता मनोज कुमार ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




















