जयपुर। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज और जवाहर कला केंद्र, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 नवम्बर तक ‘सूफ़ी फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह उत्सव सूफ़ी संगीत, कव्वाली और नृत्य कला की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ देश की गंगा–जमुनी संस्कृति का जीवंत संदेश देगा। सूफियाना अंदाज, मधुर सुरों और लयात्मक नृत्य की संगत से यह आयोजन दर्शकों को आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक एकता का मनोरम अनुभव कराएगा।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ 18 नवम्बर को जुबैर नईम अजमेरी एवं समूह (जयपुर) की सूफ़ी गायन प्रस्तुति से होगा। इसके साथ ही संगीता सिंघल एवं समूह (जयपुर) शास्त्रीय नृत्य कथक से मंच को अलंकृत करेंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन 19 नवम्बर को बुन्दू खान एवं समूह (जयपुर) अपनी सूफियाना गायकी से समा बाँधेंगे। इसके बाद सलीम राजा एवं समूह (गाजियाबाद) पारंपरिक कव्वाली गायन की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम के आख़िरी दिन 20 नवम्बर को शानेआलम साबरी एवं समूह (नजीबाबाद) सूफी गायन की सुरीली प्रस्तुति देंगे, वहीं मीनू गारू एवं समूह (नई दिल्ली) का कथक नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 6:00 बजे केंद्र के रंगायन सभागार में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रवेश पहले आएँ, पहले पाएँ के आधार पर होगा।




















