झील में कूदे बुजुर्ग को पुलिस ने बचाया: पुलिस अधीक्षक ने किया पुलिसकर्मियों को सम्मानित

0
42

जयपुर। जब एक पल की देरी जिंदगी और मौत के बीच फर्क तय कर सकती थी, तब अजमेर पुलिस ने तत्परता, साहस और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग की जान बचा ली। यह घटना पुलिस के मानवीय चेहरे की मिसाल बनकर सामने आई है।

प्रकरण के अनुसार, अजमेर जिले के किशनगढ़ निवासी करीब 70 वर्षीय कैलाश गर्ग ने अचानक आनासागर झील में छलांग लगा दी। झील किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल सज्जन कुमार और कांस्टेबल नरसीराम, पुखराज, बद्रीप्रसाद व राजकुमार ने बिना समय गंवाए झील में उतरकर डूब रहे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मियों की तत्परता और टीमवर्क से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
रेस्क्यू के बाद बुजुर्ग को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया गया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

इस सराहनीय कार्य के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला ने सभी पुलिसकर्मियों को 1100-1100 रुपए का नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई साबित करती है कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी है, बल्कि मानवता की रक्षा में भी अहम भूमिका निभाती है।

एसपी ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन आगे भी किया जाता रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here