जयपुर में 20 व 22 फरवरी को होगा सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का भव्य एयर शो

0
49
Suryakiran Aerobatic Team to hold grand air show in Jaipur on February 20 and 22
Suryakiran Aerobatic Team to hold grand air show in Jaipur on February 20 and 22

जयपुर। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबैटिक टीम सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम 20 और 22 फरवरी को जयपुर के आसमान में रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी। जलमहल के ऊपर आयोजित होने वाले इस भव्य एयर शो में नौ हॉक एमके-132 जेट विमान एक साथ आकर्षक संरचनाओं में उड़ान भरते नजर आएंगे।

लाल-सफेद रंग के हॉक एमके-132 जेट पर उड़ान भरने वाली यह टीम अपनी सटीकता, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क के लिए जानी जाती है। लूप, बैरल रोल, उलटी उड़ान और दर्शकों की पसंदीदा ‘डीएनए’ एरोबैटिक संरचना जैसे करतब पायलटों की उच्च दक्षता और तालमेल का प्रमाण होते हैं।

जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान निखिल धवन के अनुसार, वर्ष 1996 में स्थापित यह टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमान एरोबैटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा टीमों में शामिल है। टीम देश-विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है तथा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

टीम में एचएएल द्वारा भारत में निर्मित नौ हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं, जो 5 मीटर से भी कम दूरी पर करीबी गठन में उड़ान भरते हैं। टीम लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी हैं, जबकि डेप्युटी लीडर विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह हैं। टीम में कुल 14 पायलट शामिल हैं। जिनमें तीन पायलट जयपुर से हैं।

हाल ही में टीम के विमानों में स्वदेशी स्मोक पॉड्स का एकीकरण किया गया है, जिससे हवाई प्रदर्शन के दौरान आसमान में तिरंगे के रंग—केसरिया, सफेद और हरा—उकेरे जा सकेंगे। यह संशोधन भारतीय वायुसेना के 11 बेस रिपेयर डिपो,नासिक में विकसित किया गया है। जो देश की एयरोस्पेस क्षमता और नवाचार का प्रतीक है।

टीम का आदर्श वाक्य सदैव सर्वोत्कृष्ट है और इसके अनुरूप पायलट कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत करते हैं। जयपुर वासियों के लिए यह एयर शो रोमांच और गर्व का विशेष अवसर साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here