सूर्यकिरण एयर शो: 20 व 22 फरवरी को जल महल पर भव्य आयोजन, एसएसओ आईडी से ही मिलेगा प्रवेश पास

0
33
Suryakiran Aerobatic Team to hold grand air show in Jaipur on February 20 and 22
Suryakiran Aerobatic Team to hold grand air show in Jaipur on February 20 and 22

जयपुर। राजधानी में 20 और 22 फरवरी को जल महल पर आयोजित होने जा रहे सूर्यकिरण एयर शो की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आकाश में सामूहिक उड़ान, समन्वित कलाबाजियां, क्रॉसओवर, सिंक्रोनाइज्ड मूवमेंट्स और रंगीन धुएं के साथ रोमांचक हवाई प्रदर्शन करेगी। आयोजन को जन-उत्सव का रूप देने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन व्यापक तैयारियां कर रहे हैं।

आमजन के प्रवेश के लिए पंजीकरण पूरी तरह डिजिटल रखा गया है। इच्छुक नागरिक राजस्थान के एसएसओ पोर्टल पर अपनी एसएसओ आईडी से लॉग-इन कर ‘एयर शो जल महल रजिस्ट्रेशन’ सेवा के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद सहभागिता पास डाउनलोड कर उसकी मुद्रित प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और संचार व्यवस्था की विस्तृत कार्य योजना लागू की है। विशेष रूट प्लान और डायवर्जन व्यवस्था रहेगी ताकि सामान्य यातायात प्रभावित न हो। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन प्रतिबंध, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगे।

वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का पालन करें, प्रतिबंधित वस्तुएं न लाएं और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें। पर्यटन की दृष्टि से भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here