जयपुर। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने मंगलवार को सुशीलपुरा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने और दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विधायक शर्मा ने प्रभावित मोहल्लों का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और समस्या की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम एवं पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्राप्त कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुशीलपुरा क्षेत्र में नई सीसी सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी कारणों से सीवरेज और पेयजल लाइनों में आई समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
विधायक गोपाल शर्मा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और समस्या के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होने दी जाएगी।




















