जयपुर। शहर के भट्टा बस्ती थाना इलाके में छह बदमाशों ने दो युवकों पर तलवारों और डंडों से हमला कर दहशत फैला दी। जान बचाने के लिए युवकों को नजदीकी घर में शरण लेनी पड़ी। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार वारदात 23 फरवरी की है। वायरल वीडियो में बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर युवकों का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। मौका मिलते ही वे उन पर तलवार और डंडों से हमला कर देते हैं। आसपास के लोग जमा होते इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए।
भट्टा बस्ती थाना के थानाधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि अब तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। हालांकि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हैं और मामला आपसी रंजिश व पुरानी कहासुनी से संबंधित है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















