जयपुर। शहर में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 गैस सिलेंडर और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। कार्रवाई में दो व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा रहा है।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में तीन विशेष प्रवर्तन दल गठित कर शहर में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एयरपोर्ट रोड स्थित सांगानेर क्षेत्र में चील गाड़ी रेस्टोरेंट के पास दबिश दी गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों से व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग कर कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान मौके से 69 घरेलू और 14 व्यावसायिक सिलेंडर सहित कुल 83 सिलेंडर तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया। जांच में करीब 15 घरेलू सिलेंडरों में लगभग दो किलोग्राम गैस कम पाई गई, जिस पर विधिक माप विज्ञान अधिकारी को बुलाकर जांच करवाई गई। प्राथमिक जांच में लालकोठी स्थित उर्मिल गैस एजेंसी की संलिप्तता सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान दो अन्य विशेष प्रवर्तन दलों ने शहर की दो गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और एजेंसी परिसर में अनावश्यक कतारें नहीं लगने देने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने बताया कि शहर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ “ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।



















