ज्वेलरी शोरूम में लूटपाट करने वाला आरोपित बापर्दा गिरफ्तार

0
172

जयपुर। झोटवाडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी शोरूम में 11 दिसंबर को हुई लूट मामले में एक आरोपित को बापर्दा गिरफ्तार किया है। वारदात में रेंटल कार का उपयोग कर आरोपी फरार हुआ था। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी शोरूम में 11 दिसंबर हुई लूट मामले में एक आरोपित अनुज चौधरी (21) निवासी गांव कसेरू जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में चालान शुदा रह चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जुआ, सट्टा और कसीनो का शौकीन है और कर्ज के चलते उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि निवारू रोड झोटवाड़ा स्थित रतन यश ज्वेलर्स के पीड़ित मनोज कुमार सोनी ने थाने में मामला दर्ज करवाया था कि 11 दिसंबर की शाम एक युवक कस्टमर बनकर दुकान में आया। उसने सोने की चेन व चांदी का ब्रेसलेट दिखाने को कहा। आरोपी ने बातचीत में उलझाकर ट्रे में रखी चार सोने की चेन (लगभग 94–95 ग्राम) और एक चांदी का ब्रेसलेट चुरा कर बाहर खड़ी कार से फरार हो गया। कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

पुलिस ने मामला दर्ज घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी के आने-जाने का रूट चार्ट तैयार किया और आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 950 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को 1 हजार 600 किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here