जयपुर। पानीपेच के नेहरुनगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में आयोजित किए जा रहे छठे महान गुरमत समागम में शनिवार को भाई सुरेंद्र सिंह नछत्तर सिंह, हजूरी रागी, श्री दरबार साहब ने आसा दी वार का पाठ किया। उन्होंने सांई मेरे चंगा कीता नाहीं त हं भी दझां आहि…, अमृत की सार सोई जाणै जि अमृत का वापारी जीऊ…, लख खुशियां पातशाहीयां जै सतगुरु नदर करे…जैसे शबद गाते हुए वाहेगुरु वाहेगुरु का सिमरन कराया। भाई मनदीप सिंह हजूरी रागी गुरुद्वारा नेहरू नगर ने सब सुख दाता राम है दूसर नाहिन कोई.. शबद गाकर संगत को निहाल किया।
भाई गुरप्रीत सिंह लुधियाना वालों ने सतगुरु सिख को नाम धन दे…, गुरु रामदास राखो सरणाई… भाई हरजीत सिंह ने अमृत नाम निधान है, मिल पीवहु भाई… सुनाकर संगत को भक्ति के सागर में गोते लगवाए।
भाई निर्भय सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, भाई सुरेंद्र सिंह नछत्तर सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब ने भी शबद गायन किया। समागम में पूरे दिन अतूट लंगर भी वरताया गया।
आज होगा अमृत संचार:
गुरुद्वारे के प्रधान सरदार हरचरण सिंह ने बताया कि 25 जनवरी को सुबह 11 बजे श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से आने वाले पंज प्यारों द्वारा अमृत संचार करवाया जाएगा।




















