चैत्र पूर्णिमा पर भक्तिभाव से मनाया जाएगा हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव

0
41
The birth anniversary of Lord Hanuman will be celebrated with deep devotion on Chaitra Purnima.
The birth anniversary of Lord Hanuman will be celebrated with deep devotion on Chaitra Purnima.

जयपुर। केसरी नंदन हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा दो अप्रेल को छोटी काशी में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सुबह जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमानजी का जन्माभिषेक होगा। सिंदूरी चोला चढाक़र नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। ऋतु पुष्पों से श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी। हनुमान जी महाराज के दर्शनों के लिए मंदिरों सुबह से ही तांता लग जाएगा।

चांदी की टकसाल स्थित ठिकाना मंदिर श्री काले हनुमानजी में केसरी के नंदन का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सोमवार को यहां तैयारियां जोर शोर से जारी रही। कल मंदिर महंत गोपालदास महाराज के सान्निध्य में हनुमानजी का सहस्त्रधाराभिषेक के साथ जन्माभिषेक किया जाएगा। मंदिर के युवाचार्य पं. योगेश शर्मा ने बताया कि सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड के पाठ होंगे। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जाएगा।

खोले के हनुमानजी मंदिर में सुबह हनुमानजी महाराज का 108 औषधि द्रव्यों और विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ महाअभिषेक होगा। इसके बाद षोडशोपचार पूजन किया जाएगा। हनुमानजी को चांदी की पोशाक धारण करवा कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर में विशेष उत्सव आरती होगी।

चांदपोल हनुमान मंदिर में पंचामृत अभिषेक के बाद विशेष शृंगार किया जाएगा। जन्म आरती के बाद दर्शन खुलेंगे। सांगानेरी गेट स्थित पूर्वमुखी हनुमानजी मंदिर में पंचामृताभिषेक के बाद बाद सवा किलो सिंदूर का चौला चढ़ाया जाएगा। इसके बाद नवीन पोशाक धारण करवा कर जन्म आरती की जाएगी।

सांगानेरी गेट स्थित पश्चिम मुुखी हनुमान मंदिर में अभिषेक, श्रृंगार, पूजन और महाआरती होगी। पुराना घाट स्थित जयपुर के कुल देवता के रूप में प्रसिद्ध घाट के बालाजी मंदिर में स्वामी सुदशर्नाचार्य महाराज के सान्निध्य में हनुमान जी महाराज का पंचामृत अभिषेक कर सिंदूरी चोला धारण कराया जाएगा। नवीन पोशाक धारण कराने के बाद चूरमे का भोग लगाया जाएगा।

देवस्थान विभाग की ओर से मंदिर में सजावट की जाएगी। न्यू सांगानेर रोड स्थित चिंताहरण काले हनुमान जी मंदिर में महंत मनोहरदास के सान्निध्य में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। करतारपुर स्थित मनशापूरण हनुमान मंदिर में सुबह दुग्धाभिषेक के बाद रुद्र पाठ होंगे। हनुमानजी को 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।

वहीं चांदपोल बाजार स्थित ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में महंत नरेंद्र तिवाड़ी के सान्निध्य में हनुमत जन्मोत्सव मनाया जाएगा। हनुमानजी का पंचामृत अभिषेक कर केवड़ा व गुलाब जल, सुगंधित इत्र, गंगाजल आदि को मिश्रित कर स्नान कराया जाएगा। हनुमानजी को सिंदूरी चोला अर्पण कर सोने-चांदी का वर्क लगा कर पीले की सुनहरा काम की हुई पोशाक धारण करवाई जाएगी। इसके बाद संगीतमय सुंदर कांड के पाठ होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here