जयपुर। नींदड-बैनाड़ रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह नीम के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। सुबह घूमने आए लोगों ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर अस्पताल में रखवाया। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार शिव शक्ति कॉलोनी बोयतावाला निवासी 29 वर्षीय विनोद पुत्र प्रकाशचंद का शव शनिवार सुबह 6 बजे नींदड-बैनाड़ रेलवे स्टेशन के पास नीम के पेड से लटका मिला। विनोद ने मफलर से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक अविवाहित था और लम्बे समय से काम की तलाश कर रहा था। मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल प्रहलाद सहाय ने बताया कि विनोद के आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि विनोद रात को खाना खाकर 10 बजे सोया था और शनिवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। घटना स्थल विनोद के घर से कुछ ही दूरी पर है। मामले की छानबीन की जा रही है।




















