ब्राह्मण समाज पर सर्व समाज के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी : गणेशिया

0
21
The Brahmin Community Bears the Responsibility of Guiding Society as a Whole: Ganeshiya
The Brahmin Community Bears the Responsibility of Guiding Society as a Whole: Ganeshiya

जयपुर। विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट का राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान के सभागार में शुरू हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एच.सी. गणेशिया, कदंब डूंगरी की व्यवस्थापक सुनंदिनी दीदी, सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज के संत प्रतिनिधि, विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवनारायण जैमन, राष्ट्रीय महासचिव महेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा और नगर अध्यक्ष रघु शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एच.सी. गणेशिया ने कहा कि देश और दुनिया में आज भी ब्राह्मण समाज विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वर्तमान सामाजिक परिवेश में ब्राह्मणों को अपनी ज्ञान परंपरा और संस्कृति को बनाए रखते हुए नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने होंगे।

अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने संगठन के उद्देश्य और गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन नगर महासचिव महेंद्र शर्मा ने किया। प्रारंभ में अतिथियों का माला व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। पं. लोकेश शर्मा ने संस्कृत में मंगलाचरण प्रस्तुत किया तथा संगठन के उद्देश्यों की जानकारी दी। ज्योतिषाचार्य उमेश उपाध्याय के मंत्रोच्चार से सभागार में आध्यात्मिक वातावरण बन गया।

राष्ट्रीय महासचिव महेश शर्मा ने अधिवेशन की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डाला। पहले दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में युवा करियर मार्गदर्शन, बिजनेस नेटवर्किंग, उद्यमिता, भारतीय संस्कार परंपरा, कुटुंब प्रबंधन और संयुक्त परिवार व्यवस्था जैसे विषयों पर विशेषज्ञों व विद्वानों ने अपने विचार रखे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष देवनारायण जैमन ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव सनातन परंपरा का साक्षी रहा है और समाज का मार्गदर्शन करता आया है। समाज के संरक्षक के रूप में ब्राह्मणों ने सदैव त्याग और सेवा की भावना से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी ज्ञान परंपरा और नेतृत्व क्षमता को बनाए रखते हुए नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करना होगा।

इस अवसर पर सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य के शिष्य पंडित गोपाल जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी नितिन जर्मन सहित कई वक्ताओं ने समाज की चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार रखे तथा नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री महेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा और जयपुर महानगर के जिला अध्यक्ष रघु शर्मा ने भी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। अधिवेशन का समापन रविवार को होगा।

अधिवेशन में वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूलाल शर्मा, पं. राधेश्याम शर्मा, मोहनलाल शर्मा, ओमप्रकाश प्रधान, महेश जैमिनी, अरविंद जैमन, मदनलाल शर्मा, गौरीशंकर शर्मा, पूरण लखपति, मोहनलाल तिवाड़ी, डॉ. राकेश चौबे सहित सैकड़ों प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here