द एलेनाइट शोकेस 2026 में दिखी फैशन और नवाचार की चमक, थीम बेस्ड कलेक्शन से सजी रैंप वॉक

0
48
The Brilliance of Fashion and Innovation Shines at The Elanite Showcase 2026
The Brilliance of Fashion and Innovation Shines at The Elanite Showcase 2026

जयपुर। राजधानी जयपुर में सी स्कीम स्थित एलेन कॉलेज ऑफ डिजाइन में “द एलेनाइट शोकेस 2026” का भव्य आयोजन शानदार अंदाज़ में किया गया। जिसमें रचनात्मकता, फैशन और नवाचार का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर कॉलेज के डायरेक्टर, फैकल्टी,अभिभावकों और बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

वहीं कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिसमें डायरेक्टर राम यादव सहित सभी फैकल्टी मेंबर्स ने भाग लिया। इसके बाद मंच से कॉलेज की उपलब्धियों और विज़न को साझा करते हुए बताया गया कि एलेन कॉलेज ऑफ डिजाइन, विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी से संबद्ध एक अग्रणी संस्थान है, जो फैशन और इंटीरियर डिजाइन के क्षेत्र में विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा प्रदान कर रहा है।

इस भव्य शोकेस में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ अलग-अलग थीम आधारित सीक्वेंस प्रस्तुत किए। इन कलेक्शंस में टिंटेड क्राफ्ट, काज रेख, स्थला, अनबाउंड नारी, ताज, ग्रेस इन वाइल्ड, सूत्रधार और रिफ्लेक्शन ऑफ राजस्थान जैसी थीम्स शामिल रहीं, जिनमें राजस्थान की संस्कृति, पारंपरिक कला, आधुनिक फैशन और सामाजिक संदेशों का खूबसूरत मिश्रण देखने को मिला।

रैंप पर प्रस्तुत हर डिज़ाइन न सिर्फ फैशन का प्रदर्शन था, बल्कि उसके पीछे एक सोच, एक कहानी और छात्रों की महीनों की मेहनत झलक रही थी। खासतौर पर अनबाउंड नारी और सूत्रधार जैसी थीम्स ने सामाजिक जागरूकता और पारंपरिक कला को नए अंदाज़ में पेश कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम में देशभर से आए मॉडल्स ने अपनी पेशेवर प्रस्तुति से शो में चार चांद लगा दिए। दर्शकों ने हर सीक्वेंस के बाद तालियों की गूंज से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में ग्रैंड फिनाले वॉक के साथ सभी डिजाइनर्स और मॉडल्स ने एक साथ मंच साझा किया, जो इस पूरे आयोजन का सबसे आकर्षक पल रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए एक बड़ा मंच साबित हुआ, बल्कि जयपुर में डिजाइन एजुकेशन और फैशन इंडस्ट्री के बढ़ते प्रभाव को भी मजबूती से दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here