जयपुर। छोटी चौपड़ स्थित मंदिर श्री सीताराम जी में रामनवमी महोत्सव के तहत छठी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महंत नंदकिशोर महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर ठाकुर जी श्री सीताराम जी महाराज को नवीन पोशाक धारण करवाई गई। साथ ही बाल स्वरूप रामलला जी को पालना झुलाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में भक्तों ने मंगल भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को बधाई वितरित की गई।
धार्मिक मान्यता के अनुसार रामनवमी के छठे दिन मनाया जाने वाला ‘छठी उत्सव’ भगवान राम के जन्मोत्सव से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। त्रेता युग की परंपरा के अनुसार यह उत्सव भगवान राम के जन्म के छठे दिन मनाया गया था। इस दिन छठी मैया और सूर्य देव की पूजा कर संतान की दीर्घायु, स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।




















