जयपुर। चंद्रमा 12 अक्टूबर को वृषभ से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। यहां पहले से ही देवगुरु बृहस्पति मौजूद हैं। इसलिए मिथुन राशि में दोनों ग्रहों की युति होगी, जिसके प्रभाव से गजकेसरी राजयोग का निर्माण होने वाला है। ज्योतिषाचार्य पं. सुरेन्द्र गौड़ ने बताया कि ज्योतिष में इस योग को कल्याणकारी माना जाता है। यह जातकों की धन-संपत्ति में वृद्धि करते हुए उन्हें भौतिक सुख-सुविधाएं प्रदान करता है। इसके अलावा व्यक्ति बुद्धिमान, विद्वान और ज्ञानवान भी बनता है। ऐसे में यह योग कुछ राशि वालों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।
इन राशियों के लिए शुभ रहेगा योग
मिथुन राशि:
गजकेसरी राजयोग मिथुन राशि वालों के लिए खास रहने वाला है। इस राशि वालों को दान और पुण्य के कार्यों का फल मिलेगा। संतान के जीवन में चल रही समस्याएं समाप्त होगी और आप राहत की सांस लेंगे। इस दौरान कार्यों में मन लगेगा और मानसिक शांति का एहसास करेंगे। इस समय धन की बचत की योजनाएं बनाने से भविष्य में आपको अच्छा लाभ हो सकता है। भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा भी आप सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान घर परिवार से आपको बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
तुला राशि:
तुला राशि वालों के लिए समय नए बदलावों से भरा रहेगा और आपका मानसिक संतुलन बेहतर होगा। कार्यों में श्रेष्ठ निर्णय लेने से प्रभाव बढ़ेगा। पुराने मित्र से मुलाकात होगी। व्यापार में सफलता मिलेगी और भाग्य आपके साथ रहेगा। समाज में मान-सम्मान मिलने से अपनी बात लोगों के सामने रखने में सफल होंगे। प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। नौकरी के नए मौके भी मिल सकते हैं।
धनु राशि:
धनु राशि वालों को सरकारी नौकरी के क्षेत्र में शुभ समाचार मिलेगा। आप अगर कोई व्यापार भी करना चाह रहे थे, तो उसमें आ रही बाधाएं दूर होंगी। सेल्स से जुड़े लोगों को बड़ा पद मिल सकता है। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों की यात्राएं सफल होंगी और नए लोगों से आप मिलेंगे। कारोबार का विस्तार भी संभव है। विवाह के लिए रिश्ता आ सकता है।