जयपुर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के आह्वान पर शहीद स्मारक पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित हुआ। जिसमें सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। इस ऐतिहासिक आंदोलन में राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के अनेक सदस्य भी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
सभा को संबोधित करते हुए राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष — अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि “राजस्थान सरकार का अस्तित्व कर्मचारियों की मजबूती पर टिका है। कर्मचारी ही वह हड्डियाँ हैं जो इस सरकार के शरीर को सहारा देती हैं। यदि ये हड्डियाँ कमजोर होंगी तो निश्चित रूप से राजस्थान सरकार भी कमजोर पड़ जाएगी।”
चौधरी ने संगठन की ओर से स्पष्ट किया कि महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ लगातार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और अधिकारों की रक्षा के लिए अग्रिम पंक्ति में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ पूर्ण रूप से गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व के साथ खड़ा है और सरकार को अब संवाद और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।
इस अवसर पर महासंघ के महासचिव अनिल बसवाल, सदस्य अमित सुद्दा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि कुछ उच्च अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचने नहीं दे रहे, और यही सबसे बड़ा अवरोध है। सरकार को इस हिचकिचाहट को दूर करके कर्मचारियों की भावनाओं और मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए।
यह धरना कर्मचारियों की एकता, अनुशासन और जज़्बे का प्रतीक बना और यह साबित किया कि जब कर्मचारी संगठित होते हैं तो किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है। आंदोलन की तस्वीरें और वीडियो साझा कर संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक समाधान नहीं मिलता।