जयपुर। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम द्वारा खो नागोरियान में मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर पर की गई कार्यवाही में सीज किया गया अमूल ब्रांड के एक्सपायरी नूडल्स,केच अप,म्योनीज एवं सॉस को नष्ट करवाने की कार्यवाही की गई।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि फर्म मालिक गगन आहूजा ने नगर निगम द्वारा जारी नष्टीकरण की स्वीकृति आदेश पेश किए गए। जिस पर शनिवार टीम को भेज कर छह ट्रकों में अवधिपार सामग्री को भरकर मथुरादास कचरागाह ले जाकर नष्ट करवाया गया।
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने भी मौके पर पहुंचकर अवधिपार माल की तस्दीक कर अमूल ब्रांड का होना सत्यापित किया। गौरतलब है कि टीम द्वारा पिछले दिनों 181 पोर्टल पर प्राप्त शिकायत पर कार्यवाही में अमूल ब्रांड की लगभग 30 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री पकड़ी थी।
जिसमें अमूल ब्रांड के अलग अलग पैकिंग के सॉसेज,म्योनीज,एनर्जी ड्रिंक,केच अप आदि के पैकेट्स जो अवधिपार हो गए थे उनकी डेट मिटाकर नई डेट प्रिंट करने की तैयारी थी।
टीम ने गोदाम को सील कर दिया था। जिसे खुलवाकर नष्टीकरण की कार्यवाही की गई। टीम द्वारा गोदाम का निरीक्षण किया गया। जिसमें अवधिपार सामग्री की मात्रा और भी अधिक पाई गई।
जिसे उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सोमवार को नष्ट किया जाएगा। तब तक के लिए गोदाम को पुनः सील कर दिया गया है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, राजेश नागर, नंद किशोर कुमावत,अवधेश गुप्ता एवं राजेश नागर शामिल रहे।




















