जयपुर। हर घर में हो अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा अभियान के तहत मंगलवार को पिया वाले बालाजी मंदिर में श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगा लिया।
मंदिर परिसर में एक स्वर में गूंजती चौपाइयों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सभी श्रद्धालुओं को अर्थ सहित हनुमान चालीसा की पुस्तक वितरित की गई। इस अवसर पर संत अमरनाथ महाराज ने तुलसीदास सदा हरि चेरा, कीजे नाथ हृदय माँह डेरा चौपाई का महत्व बताते हुए कहा कि हनुमान चालीसा का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब उसे अर्थ और भाव के साथ पढ़ा जाए। उन्होंने कहा कि केवल पाठ ही नहीं, बल्कि उसके संदेश को आत्मसात करना ही सच्ची भक्ति है।
समिति के सुरेंद्र कुमावत ने बताया कि अभियान के माध्यम से निरंतर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक हनुमान चालीसा का संदेश पहुंचे और समाज में धर्म, संस्कार और भक्ति की भावना सुदृढ़ हो। इस अवसर पर बिरदी चंद जांगिड़, रामावतार पालीवाल, भगवान सहाय कुमावत, प्रेम चंद कुमावत, राधेश्याम किरोड़ीवाल, गोपी चंद किरोड़ीवाल, नरेन्द्र कुमावत सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




















