जयपुर। राजधानी के जवाहर नगर थाने में एक पीड़ित पति ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ कूटरचित साजिश कर 75 लाख रुपए समेंत लाखों रुपयों के सोने-चांदी के आभुषण हड़पने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच उच्च अधिकारियों के सुपुर्द कर दी है।
गौरतलब है कि दिल्ली निवासी पीड़ित की शादी वर्ष -2009 में जवाहर नगर इलाके में रहने वाली एक महिला से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही विवाहिता पति का घर छोड़ दिल्ली चली गई और काफी समझाईश के बाद भी नही लौटी और पति पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया।
लेकिन कुछ दिन बाद ही पीड़ित पति को जानकारी मिली की उसकी पत्नी दूसरी शादी कर चुकी है। शादी करने के बाद भी वो दहेज प्रताड़ना केस की एवज में 75 लाख रुपए कैश और सोने के जेवर की डिमांड कर रही है। परिवादी का आरोप है कि उसकी पत्नी ने न केवल उसे धोखा दिया, बल्कि अब वह साजिश रचकर उससे मोटी रकम और जेवरात वसूलना चाहती है।
पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी और उसके परिवार के लोगों ने यह जानकारी छुपाकर रखी। पीड़ित ने बताया कि वह कई बार केस के सिलसिले में जयपुर आता रहा, दिल्ली में उसका काम प्रभावित हुआ, लेकिन उसके बाद भी पत्नी ने या परिवार के किसी भी सदस्य ने कोई जानकारी नहीं दी। जबकि वह अपने रिश्ते को बचाने का प्रयास करता रहा। जवाहर नगर पुलिस ने चार गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। केस में पत्नी और परिवार के चार सदस्यों का नाम शामिल है।



















