जयपुर। घुमंतू जाति उत्थान न्यास के अखिल भारतीय कार्य अधिकारी दुर्गादास जी ने जयपुर में माँ गायत्री व भारत माता के पूजन के उपरांत नारियल फोड़कर व दीप प्रज्वलित कर घुमंतू जाति उत्थान न्यास के जयपुर प्रांत कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के सभी लोगों से घुमंतू समुदाय के लोगों के उत्थान के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अभावग्रस्त लोगों की सहायता करना ही मानव धर्म और सेवा है। आज आवश्यकता है कि हम अन्य समुदायों के साथ ही घुमंतू समुदाय के बीच भी ब्रिज व नाव बनकर उन्हें अपने साथ लेकर चलें। उनके उत्थान व शासन की हर योजना का लाभ उन तक पहुंचाने में अपना अपना योगदान व सहयोग करें।
जयपुर प्रांत संयोजक महेन्द्र सिंह राजावत ने स्वागत उद्बोधन में जयपुर प्रांत में चल रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यालय के लिए भवन परिसर उपलब्ध करवाने पर आशीष शर्मा का आभार जताया।
इस अवसर पर घुमंतू समाज के लिए कार्य करने पर आशीष शर्मा, राजाराम गुर्जर तथा बिजेन्द्र कुमार शर्मा को गायत्री मंत्र का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित भी किया गया। महेश नोगिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




















