जयपुर व्यापार महासंघ ने डीजीपी राजीव शर्मा से की मुलाकात

0
49
The Jaipur Trade Federation met with DGP Rajiv Sharma.
The Jaipur Trade Federation met with DGP Rajiv Sharma.

जयपुर। राजधानी जयपुर के व्यापार महासंघ के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा से पुलिस मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की। महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने पुलिस की कमान संभालने के बाद आए सकारात्मक बदलावों के लिए डीजीपी का अभिनंदन किया और शहर की सुरक्षा एवं यातायात को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को सौंपे पत्र में इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राजस्थान पुलिस ने अपराधियों में खौफ और आमजन (विशेषकर व्यापारियों) में विश्वास जगाने का कार्य किया है।

अध्यक्ष सुभाष गोयल ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण ही आज जयपुर का व्यापारिक जगत शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। व्यापारियों ने माना कि पुलिस की सक्रियता से व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा का वातावरण पहले से अधिक मजबूत हुआ है।

बैठक के दौरान महासंघ ने शहर की व्यवस्थाओं को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए डीसीपी,एसीपी स्तर के अधिकारियों के साथ मासिक या त्रैमासिक बैठकों का प्रस्ताव रखा गया।

वहीं पूरे परकोटे और प्रमुख बाजारों को एकीकृत सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ने तथा साइबर क्राइम से बचाव हेतु व्यापारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने पूरे बाजार क्षेत्र को सीसीटीवी के कवरेज में लेकर मोनिटरिंग करने और सेंट्रल लॉकिंग करवाने का सुझाव दिया।

इसके अलावा ई-रिक्शा और ऑटो के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने, उनके मार्ग निर्धारित करने तथा बड़ी चौपड़ पर मेट्रो द्वारा निर्मित 1500 कारों की भूमिगत पार्किंग को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की गई।

व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी शर्मा ने तत्काल प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने उपमहानिरीक्षक साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह को साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापारियों का प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार डीजीपी शर्मा ने डीसीपी नॉर्थ को व्यापारिक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में सुधार हेतु समिति की बैठक लेने व आवश्यक कार्यवाही कर राहत देने के दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस और व्यापारियों का आपसी सहयोग जयपुर को अपराध मुक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से अध्यक्ष सुभाष गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष हरीश केडिया, महामंत्री सुरेश सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बज, कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता, तथा सदस्य विजय अग्रवाल एवं संतोष विजय उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here