जयपुर/ ब्यावर। श्री सीमेंट लिमिटेड की सीएसआर शाखा श्री फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से 2 से 5 अप्रैल तक बांगुर नगर, ब्यावर में ‘कृष्ण नीति दर्शन’ कथा का आयोजन किया जाएगा। यह कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगी।
कथा का आयोजन पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरी की उपस्थिति में होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा का विषय ‘ज्ञान से जीवन दिशा और सेवा’ रखा गया है, जिसका उद्देश्य समाज में मूल्यों पर आधारित विकास और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है।
आयोजन के माध्यम से भगवान कृष्ण की शिक्षाओं—धर्म, कर्म और सेवा—पर प्रकाश डाला जाएगा। जो लोगों को आत्मचिंतन और जिम्मेदार समाज निर्माण के लिए प्रेरित करेगा। श्री सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी ने कहा कि इस तरह के आध्यात्मिक आयोजन समाज को सशक्त बनाने के साथ सेवा और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री फाउंडेशन ट्रस्ट सामाजिक एकता और सामूहिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।




















