जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शास्त्रीनगर इलाके में सक्रियता दिखाते हुए एक मनचले को गिरफ्तार करवाया है । यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम (प्रेमलता, ओमप्रकाश और सीताराम) शास्त्री नगर इलाके में गश्त पर थी । इस दौरान टीम ने देखा कि एक असामाजिक तत्व सार्वजनिक स्थान पानी की टंकी के पास एक लड़की का पीछा कर रहा था और उसने उसके साथ मारपीट भी की । टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मनचले को मौके पर ही धर दबोचा और संबंधित थाने में उसके खिलाफ कार्यवाही कर गिरफ्तार करवाया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में यूनिट की टीमें शहर के शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल्स, पीजी, मॉल्स और पार्कों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार ड्यूटी कर रही हैं । छेड़छाड़, छींटाकशी और बालिकाओं का पीछा करने वाले तत्वों के खिलाफ निर्भया हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर भी तुरंत एक्शन लिया जा रहा है ।



















