वैश्य महासम्मेलन में गूंजा समाज की एकता का संदेश

0
30

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन – राजस्थान द्वारा आयोजित “वैश्य महासम्मेलन – राजस्थान” के अंतर्गत “मंथन : समाज की शक्ति एवं संगठन के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रदेश वैश्य पदाधिकारियों का समागम” का भव्य शुभारंभ शनिवार को जयपुर स्थित समुराई पैलेस रिसोर्ट में हुआ। प्रदेशभर से आए वैश्य समाज के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से सभागार खचाखच भरा रहा, जिससे समाज की एकजुटता और उत्साह का प्रभावशाली वातावरण दिखाई दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने वैश्य समाज के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य के आर्थिक विकास, व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन तथा समाजसेवा के क्षेत्र में वैश्य समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वैश्य समाज की व्यापार, पर्यटन, उद्योग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान में पर्यटन और व्यापार के विस्तार में वैश्य समाज के उद्यमियों का विशेष योगदान रहा है |

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक तथा विधायक एवं पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा समाज की एकता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण उस समय रहा जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा में सफल हुए वैश्य समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया। जिन विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, उनमें संभव पाटनी, कार्तिक सिंघल, साक्षी जैन, अनुष्का जैन, मोहित अग्रवाल और हिमांशु जैन शामिल रहे।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, राजस्थान प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एन.के. गुप्ता, प्रदेश महामंत्री गोपाल गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेश कालानी, युवा अध्यक्ष मनीष गुप्ता तथा महिला विंग अध्यक्ष चारु गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वागत अध्यक्ष संजय अग्रवाल (ए यू बैंक), सह-स्वागत अध्यक्ष सुनील जैन तथा सह-स्वागत अध्यक्ष ताराचंद ने अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने समाज की एकता, संगठन और सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here