जयपुर। मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) जयपुर का तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ब्लिट्ज़श्लैग गुरुवार की शाम को एमएनआईटी जयपुर के निदेशक प्रो.एन.पी.पाढ़ी के नेतृत्व में औपचारिक रूप से शुरू हुआ। जो कि अपने क्षेत्र के श्रेष्ठतम उत्सवों में से एक है। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना से हुई। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. कनुप्रिया सचदेव ने छात्रों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला, और एसोसिएट डीन (सांस्कृतिक) डॉ. मीनाक्षी त्रिपाठी ने ब्लिट्ज़श्लैग’26 का अवलोकन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, ग्रैमी पुरस्कार विजेता पद्मभूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट जी ने अपने भाषण में युवाओं के बीच कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने एम.एन.आई.टी के ब्लिट्ज़श्लैग जैसे वार्षिक उत्सवों की सराहना की, जो उभरते इंजीनियरों, वास्तुकारों और वैज्ञानिकों को अपनी कलात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने और एक समग्र व्यक्तित्व विकसित करने का अवसर प्रदान करता हैं।
समारोह की अध्यक्षता करते समय एम.एन.आई.टी जयपुर के निदेशक प्रो. एन. पी. पाढ़ी ने ब्लिट्ज़श्लैग को एक ऐसे मंच के रूप में वर्णित किया जो रचनात्मकता, सहयोग को बढ़ावा देता है तथा छात्रों को एन.ई.पी. 2020 के सिद्धांतों के अनुरूप 360 डिग्री व्यक्तित्व विकसित करने में सक्षम बनाता है। इस समारोह में ब्लिट्ज़श्लैग’26 फिल्म की स्क्रीनिंग,सांस्कृतिक प्रदर्शन और गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान भी शामिल था।




















