जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में रविवार देर रात एक युवक पर फायरिंग मामले में आरोपित को पकड लिया गया है। वहीं घायल युवक हर्षवर्धन का एसएमएस हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। पीड़ित घायल हर्षवर्धन की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
थानाधिकारी मानसरोवर लखन खटाना ने बताया कि थाना इलाके में स्थित वंदे मातरम रोड स्थित चारबाग गार्डन रेस्टोरेंट के पास रविवार देर रात कुछ युवकों के बीच पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। पाली के रहने वाले घायल युवक हर्षवर्धन के साथी खुशहाल का भांकरोटा के लोकेंद्र गुर्जर से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद था। लेकिन विवाद शांत हो गया था। दो-तीन दिन पहले दोबारा विवाद हुआ।
दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी देना शुरू कर दिया। दोनों युवक अपने साथियों के साथ वंदे मातरम सर्किल पर पहुंचे। विवाद बढ़ा तो लोकेंद्र गुर्जर ने अपने पिता की लाइसेंस वाली पिस्टल से फायर कर दिया। गोली हर्षवर्धन के कंधे पर लगी। इस के बाद लोकेन्द्र अपने साथियों के साथ कार से भांकरोटा की तरफ निकल गया। कार को भांकरोटा थाने में तैनात कांस्टेबल प्रवीण ने पकड़ा। लोकेन्द्र गुर्जर से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।




















