जयपुर। प्रखर राष्ट्रवादी सेना के तत्वावधान में रविवार को राजधानी जयपुर में “सनातन उद्घोष” नामक एक भव्य वैचारिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म की वर्तमान स्थिति, उसकी चुनौतियों, सामाजिक संगठन तथा राष्ट्रवादी चेतना को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में देशभर से आए संत-महात्माओं, समाज प्रमुखों एवं राष्ट्रवादी विचारकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिल्ली से पधारे राहुल दीवान (संस्थापक – संगम टॉक्स, हिन्दू नेटवर्क एवं सनातन घर वापसी संस्था) रहे। अपने ओजस्वी और तथ्यपूर्ण संबोधन में राहुल दीवान ने हिन्दू धर्म की वर्तमान परिस्थितियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक चुनौतियों तथा भविष्य की दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल एक पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन पद्धति है, जिसे सशक्त और संगठित समाज के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
राहुल दीवान ने अपने वक्तव्य में यह भी कहा कि आज सनातन समाज को वैचारिक रूप से सजग, सामाजिक रूप से एकजुट और सांस्कृतिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है, तभी सनातन परंपराओं की रक्षा संभव है।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इसमें सनातन धर्म से जुड़े 63 समाजों के अध्यक्षों ने सहभागिता की। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की एक मंच पर उपस्थिति ने सामाजिक समरसता और एकता का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर अनेक सिद्ध संतों एवं धर्माचार्यों का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनमें अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर विष्णु शरण दास महाराज (प्रताप नगर),अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर लीलाधर दास महाराज (गुरुकृपा आश्रम, सोडाला), श्री आचार्य नीरज वैदिक (श्री वेद आश्रम, मानसरोवर) तथामहेश दास महाराज (भूतेश्वर महादेव आश्रम, विद्याधर नगर) प्रमुख रहे। संतों ने अपने आशीर्वचनों में सनातन धर्म की रक्षा, युवाओं में संस्कार निर्माण और राष्ट्र सेवा पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखर राष्ट्रवादी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय राष्ट्रवादी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने मंचासीन संतों, मुख्य वक्ता एवं सभी समाजों से आए प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि “सनातन उद्घोष” जैसे आयोजन समाज को दिशा देने और राष्ट्रवादी चेतना को सशक्त करने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम में संस्था के अनेक पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान महिला अध्यक्ष शालू राष्ट्रवादी, महासचिव प्रभात राष्ट्रवादी, महामंत्री धर्मेंद्र राष्ट्रवादी, राष्ट्रीय वाणिज्य मंत्री दीपक राष्ट्रवादी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहिताश राष्ट्रवादी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों को संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वक्ताओं ने सनातन धर्म के संरक्षण, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए समाज के हर वर्ग को संगठित होकर आगे आना होगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े लोग उपस्थित रहे। पूरा वातावरण “सनातन धर्म की जय” और राष्ट्रवादी उद्घोष से गूंजता रहा।



















