शिव महापुराण कथा का 371 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

0
100

जयपुर। जवाहर नगर सेक्टर-5 स्थित शिव मंदिर में श्री शिव महापुराण कथा का दिव्य आयोजन 14 दिसंबर से 22 दिसंबर तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। हरिद्वार से पधारे पंडित आयुष कृष्ण महाराज अपनी ओजस्वी वाणी के माध्यम से भक्तों को शिव भक्ति और ज्ञान का अमृत पान कराएंगे।

कथा आरंभ से पूर्व रविवार को श्री राम मंदिर आदर्श नगर से 371 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल जवाहर नगर स्थित शिव मंदिर पहुंची। इस अवसर पर एक सुसज्जित बग्गी में पंडित आयुष कृष्ण महाराज विराजमान रहे। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं शंकर बैंड द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों की स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कलश यात्रा का पुष्प वर्षा एवं श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। कथा स्थल पहुंचने पर शिव मंदिर परिसर में भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

आयोजक कुंदन लाल खानवानी ने बताया कि शिव महापुराण कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। कथा के दौरान शिव महिमा, भक्ति, वैराग्य एवं जीवन मूल्यों से जुड़े अनेक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 18 दिसंबर को विशेष रूप से शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सहित कई भावपूर्ण आध्यात्मिक कथाओं का गुणगान होगा। कथा का विश्राम 22 दिसंबर को होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here