जयपुर। विद्याधर नगर में श्री बालाजी नवयुवक मंडल सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से तृतीय सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें 14 जोड़ों का विवाह सम्पन्न करवाया गया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह संघ चालक डॉ हेमंत सेठिया ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समय की मांग है।
आज विवाह बहुत ही खर्चीला आयोजन हो गया है। देखादेखी में लोग अपनी क्षमता से अधिक का खर्चा कर देते हैं जो बाद में कई समस्याओं का कारण बन जाता है।
हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्या, बड़ पीपली धाम के महंत प्रमेन्द्रनाथ महाराज ने सामाजिक समरसता एवं हिंदुत्व पर उद्बोधन दिया। क्षेत्र के किन्नर समाज की प्रमुख खुशबू बाई ने भी नवविवाहित जोड़ों आशीर्वाद प्रदान किया। सभी 14 नवविवाहित जोड़ों ने हिंदुत्व एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मंडल परिवार की ओर से प्रत्येक जोड़े को 1.5 लाख रुपए मूल्य से अधिक के गृहस्थ जीवन प्रारम्भ करने के लिए सभी आवश्यक घरेलू सामान एवं आभूषण उपहार स्वरूप प्रदान किए। मंडल के प्रवक्ता कैलाश सैनी ने मंडल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।




















