आश्रय फेस्ट में सेवा के बीस साल पूरे होने पर संगीत संध्या से सजेगा मंच

0
40

जयपुर। जवाहर कला केन्द्र में 22 मार्च 2026 रविवार को ‘आश्रय फेस्ट 2026’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ‘आश्रय केयर होम’ अपनी 20 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव मनाएगा। संस्था पॉजिटिव वुमन नेटवर्क ऑफ राजस्थान सोसायटी के तहत जयपुर के निर्माण नगर और नेवटा में एचआईवी/एड्स प्रभावित बच्चों के लिए आवासीय बाल गृह संचालित किए जा रहे हैं, जहां उन्हें आवास, शिक्षा, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, उपचार, पोषण, योग, परामर्श और मनोरंजन जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। अब तक करीब 3000 बच्चों और महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है।

संस्था की “आश्रय केयर एंड सपोर्ट सेंटर” योजना के तहत जयपुर, श्रीगंगानगर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और टोंक जिलों के 10,000 से अधिक एचआईवी/एड्स प्रभावित परिवारों को पंजीकृत कर उन्हें एआरटी सेंटर से जोड़कर निःशुल्क चिकित्सा सहयोग दिया जा रहा है तथा सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जगदीश चंद्रा और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में रमेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष पंत और डॉ. आदित्य नाग शामिल होंगे।

संस्थापक सुनीता के मार्गदर्शन में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में मरु-कोकिला सीमा मिश्रा मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा आरजे देवांगना (एंकर/अभिनेत्री), डॉ. भूमिका अग्रवाल और भजन गायिका टीना शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। यह आयोजन आश्रय में रह रही बालिकाओं के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य से किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here