जयपुर। शहर के ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में चल रहे श्री राम जन्मोत्सव के तहत रविवार को बधाई उत्सव एवं भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत “मंगल गाओ री, आज बधाई पंक्ति गाओ री…” जैसी मंगलमय बधाई पंक्तियों के साथ होगी।
इस अवसर पर गोविंद की गइया मंडल द्वारा भक्तिमय भजनों और बधाई गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण राममय हो जाएगा। मंदिर में भगवान श्री रामचंद्र जी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर भक्ति का लाभ प्राप्त करेंगे। भजन-कीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं बधाई वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
मंदिर समिति एवं गोविंद की गइया मंडल ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। इसके अलावा सोमवार को सरस निकुंज परिसर मंडल की ओर से भी बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा।




















