जयपुर। अशोक नगर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी की पत्नी का पीछा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। हथियारबंद बदमाशों को देखकर घबराई महिला जान बचाने के लिए सीधे अशोक नगर पुलिस थाने में घुस गई। पुलिसकर्मियों के बाहर निकलते ही बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला सोमवार शाम किसी काम से घर से निकली थी। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसे महसूस हुआ कि कुछ युवक उसका पीछा कर रहे हैं। महिला जहां भी जा रही थी, युवक लगातार पीछे-पीछे आ रहे थे। शक गहराने पर जब महिला ने ध्यान से देखा तो पीछा कर रहे युवकों के पास हथियार नजर आए।
हथियारबंद बदमाशों के पीछा करने की पुष्टि होते ही महिला घबरा गई और अपनी सुरक्षा के लिए सीधे अशोक नगर थाने में जा पहुंची। बदमाश भी पीछा करते हुए थाने के बाहर तक आ गए। महिला ने तुरंत ड्यूटी ऑफिसर को पूरी घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिसकर्मियों को बाहर भेजा गया। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हथियारबंद बदमाशों की पहचान और तलाश की जा रही है। स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि ज्वेलरी कारोबारी की पत्नी द्वारा पीछा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




















