जयपुर। सदर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 18 किलो चांदी व 7 ग्राम सोने के गहने चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया कि चांदपोल बाजार निवासी बलराम सोनी (46) की खासाकोठी पुलिया के पास ‘विनायक ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। शनिवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाया और पीछे लगे चैनल गेट को तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर काउंटर और शोकेस में रखे चांदी और सोने के गहनों को कपड़े के बैग में भरकर फरार हो गए। रविवार सुबह दुकान का पिछला गेट टूटा मिलने पर चोरी का पता चला।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में रात करीब 2 बजे से तड़के 3:30 बजे के बीच दो बदमाशों को दुकान में घुसकर चोरी करते हुए देखा गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डीएसटी और स्पेशल टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















