जयपुर। राजधानी के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार तड़के एक चोर ने क्षेत्र के प्रसिद्ध गीता मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोर मंदिर के ताले तोड़कर अंदर घुसा और वहां रखे 6 दानपात्रों से नकदी चुराकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मंदिर के पुजारी नवल किशोर शर्मा ने बताया कि वे प्रतिदिन की भांति सुबह करीब 5 बजे जब मंदिर पहुंचे, तो वहां के मुख्य ताले टूटे मिले। अंदर जाने पर देखा कि सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और एक-एक कर सभी 6 दानपात्र टूटे हुए थे। दानपात्रों में भक्तों द्वारा चढ़ाई गई नकद राशि नदारद थी। पुजारी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी करता हुआ साफ नजर आ रहा है। फुटेज के अनुसार, आरोपी सुबह करीब 4 बजे मंदिर में दाखिल हुआ था। उसने बड़ी इत्मीनान से सभी दानपात्रों को तोड़ा और पैसे समेटकर फरार हो गया।
पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।



















