जयपुर। चांदपोल बाजार स्थित ठिकाना मंदिर श्री राम चंद्र जी में शनिवार को पचरंगा फूल बंगला सजाया गया। इस अवसर पर बेग्लोर,पुष्कर, इंदौर सहित अन्य कई जगहों से आए रंग-बिरंगे फूलों से ठाकुर जी महाराज का फूल बंगला सजाया गया। फूलों को तरोताजा रखने के लिए मंदिर परिसर में बने एक कमरे में बर्फ की सिल्लियों के बीच रखा गया। ताकी फूलों में ताजगी बनी रही।
इन फूलों से बनाया गया फूल बंगला
शनिवार को पचरंगा फूल बंगले में पांच रंग के फूलों का उपयोग किया गया। जिसमें 100 किलो मोगरा, 50 किलो गुलाब, 20 किलो हजारा,10 किलो ट्यूलिप, 10 किलो आशा पाला, के फूल मंगाए गए।
फूल बंगला बनाने के लिए इंदौर से आए कारीगर
मंदिर महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि मंदिर परिसर में पहली बार पचरंगा फूल बंगला झांकी सजाई गई है। जिसमें पचरंगा फूल बंगला बनाने के लिए इंदौर से कारीगर बुलाए गए है। फूल बंगला तैयार करने के लिए कारीगरों को 7 घंटे का समय लगा है। मुनिवर कारीगर ने अपने कुछ साथियों के सान्निध्य में ये फूल बंगला सजाया है।
इस अवसर पर ठाकुरजी को शीतल व्यंजनों का भोग लगाया गया। जिसमें ठंडे ऋतु फल,मिठाई इत्यादि शामिल किए गए। मंदिर परिसर में भक्त समाज ने ठाकुरजी को फूल महल में विराजमान कर बधाई गान गाए। बैठा फूल महल में सिया रघुवर म्हारो मन मोहे छे जी जैसे बधाई गान गए।




















