जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (सीएसटी) ने शहर में अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दौलतपुरा थाना क्षेत्र में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 115 गैस सिलेंडर,एक पिकअप वाहन और 32 हजार 550 रुपये की नकदी जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन यह कार्रवाई की। जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि दौलतपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अखेपुरा स्थित साईं वाटिका विस्तार कॉलोनी के प्लॉट नंबर 28 व 29 में अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों का गोदाम संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रसद विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां से अवैध रूप से रखे गए 38 भरे हुए तथा 77 खाली सिलेंडर सहित कुल 115 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
साथ ही सिलेंडरों के परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (आरजे 14 जीटी 1643) और 32,550 रुपए की नकदी भी जब्त की गई। पुलिस ने इस मामले में बुधराम मीणा (42) निवासी गोविंद नगर-6 बेनाड रोड झोटवाड़ा, भगवान सिंह निवासी टोडा का गोठड़ा जिला टोंक तथा नरेश गुर्जर (30) निवासी ग्राम गाजीपुर जिला करौली को गिरफ्तार किया है।




















