जयपुर। राजधानी के दक्षिण जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोडाला थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम दक्षिण (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने इनके कब्जे से जुए की राशि और सट्टा सामग्री भी बरामद की है ।
डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शहर में बढ़ते जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन और एसीपी (सोडाला) सुनील शर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में सोडाला थानाधिकारी बलवीर सिंह और डीएसटी प्रभारी विशम्भर दयाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाया ।
जहां पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी । इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुएदिनेश निवासी चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर), पिंकी (33) निवासी राजीव नगर, हटवाड़ा रोड (सदर, जयपुर पश्चिम) और संगीता निवासी हटवाड़ा, राजू नगर (सदर, जयपुर पश्चिम) को रंगे हाथों पकड़ा गया ।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4900 रुपए की नकदी और जुआ खिलाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री जब्त की है । पुलिस ने इनके खिलाफ 13 आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।




















