जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस और साइबर सेल जयपुर दक्षिण की संयुक्त कार्रवाई में बिटकॉइन माइनिंग में निवेश का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को निवेश पर 16 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर ठगी कर रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील शर्मा के निर्देशन में श्याम नगर थाना पुलिस, साइबर सेल और जिला विशेष टीम का गठन किया गया।
वहीं मामले में पंचशील कॉलोनी निवासी दिलीप सिंह राजावत ने रिपोर्ट दी कि करीब पांच महीने पहले अविनाश शर्मा, दिनेश पाराशर और अन्य लोगों ने उसे बिटमाइन.वर्ल्ड नामक अंतरराष्ट्रीय कंपनी में निवेश करने का झांसा दिया और 16 प्रतिशत मासिक मुनाफे का लालच दिया। इसके बाद उसने फोन-पे के माध्यम से 2 लाख 27 हजार 500 रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन बाद में आरोपियों ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और परंपरागत जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए होटल पद्मावती पैलेस किंग्स रोड से आरोपित अविनाश शर्मा (29) निवासी आमेर, जितेंद्र सिंह (46) निवासी झुंझुनूं हाल कनकपुरा जयपुर और चमन सिंह (52) निवासी हरमाड़ा जयपुर को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना अविनाश शर्मा नकद राशि से यूएसडीटी खरीदकर मलेशिया भेजता था और वहां से सोशल मीडिया साइट्स के जरिए लोगों को निवेश के लिए फंसाया जाता था। गिरोह अब तक करीब 244 लोगों से लगभग 10 करोड़ रुपए निवेश के नाम पर ठग चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 एटीएम कार्ड, 37 मलेशियाई रिंगिट, 40 यूएई दिरहम, एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और एक करेंसी काउंटिंग मशीन बरामद की है। गिरोह के अन्य सदस्यों और मलेशिया में बैठे सहयोगियों की तलाश जारी है।

















