जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लूट व छीना-झपटी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया बैग, 3 हजार 750 रुपये नकद, आधार कार्ड व अन्य सामान बरामद किया गया है। वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा (आरजे14 ईटी 0782) भी जब्त किया गया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लूट व छीना-झपटी की वारदात करने वाले शमी उर्फ समीर (32), मोहम्मद शहजाद उर्फ शहजाद कालिया (26) और मोहम्मद शाहरुख उर्फ दुग्गल (29) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी चालान शुदा अपराधी हैं और नशे की पूर्ति के लिए वारदात करते थे। ये लोग शराब के ठेकों के आसपास नशे में लोगों को निशाना बनाकर ई-रिक्शा में बैठाते और सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट व छीना-झपटी करते थे। आरोपियों ने जयपुर शहर में दर्जनों वारदातें करना स्वीकार किया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मारपीट, चोरी व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे का प्रयास कर रही है।
थानाधिकारी अरुण चौधरी ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को परिवादी आनंद सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 फरवरी को वह सवाई माधोपुर से ट्रेन द्वारा जयपुर आया। रेलवे स्टेशन पर मिले दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर बैटरी रिक्शा में बैठाया और ट्रांसपोर्ट नगर घाट की गूणी सुरंग के पास ले जाकर मारपीट कर हाथ की अंगूठी, जेब से 15 हजार रुपये, बैग में रखी सोने की चेन, आधार कार्ड व कपड़े छीन लिए।
इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल व सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करते हुए धर—दबोचा। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनीराम, कांस्टेबल मोहम्मद शाहिद, कैलाश नेहरा, अशोक व मनोज कुमार की विशेष भूमिका रही।




















