जयपुर। जयपुर पूर्व जिला पुलिस की विशेष टीम ने जवाहर नगर, बजाज नगर और प्रताप नगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कोकीन और स्मैक की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ. रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल के सुपरविजन और संबंधित एसीपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
जवाहर नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोकीन सप्लायर अली (29) निवासी मुरादाबाद (हाल किरायेदार, मालवीय नगर) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11 ग्राम 1 मिलीग्राम कोकीन और सप्लाई में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल (RJ60 QS 5208) जब्त की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से कोकीन लाकर जयपुर में सप्लाई करता था।
दूसरी कार्रवाई बजाज नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पुलिस ने हीरालाल बैरवा (47) निवासी दौसा (हाल झुग्गी, गांधी नगर क्षेत्र) को गिरफ्तार कर 1 ग्राम 10 मिलीग्राम स्मैक और 1650 रुपए की बिक्री राशि बरामद की और तीसरी कार्रवाई प्रताप नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस ने मनीष सैनी (22) निवासी प्रताप नगर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3 ग्राम 83 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी स्मैक के छोटे-छोटे पैकेट बनाकर 300 रुपए प्रति पैकेट के हिसाब से बेचता था।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत आगे भी मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लग्जरी लाइफ के लिए चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार
रामनगरिया थाना पुलिस ने लग्जरी जीवन शैली के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और थाना क्षेत्र में दर्ज 7 मामलों में वांटेड था।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि आरोपी विनोद शर्मा उर्फ विनोद पंडा (39), निवासी बसवा (दौसा) को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। वह सूने मकानों की पहले रेकी कर अपने गिरोह के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मौज-मस्ती और लग्जरी लाइफ के शौक को पूरा करने के लिए चोरी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गिरोह और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक करीब 20 चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके कब्जे से लाखों रुपए के चोरी किए गए गहने बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि पुलिस ने पूर्व में उसके गिरोह के सदस्य बबलेश मीणा उर्फ बबलू, दीपचंद उर्फ दीपक और प्रदीक कुमार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विनोद शर्मा लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। स्पेशल टीम के कांस्टेबल राहुल और शिवपाल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दौसा से पकड़ने में सफलता हासिल की।




















