जयपुर। जैन धर्म के तीसरे तीर्थंकर भगवान संभवनाथ का ज्ञान कल्याणक दिवस 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा। भगवान संभवनाथ का मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक, शांतिधारा के बाद विशेष पूजा- अर्चना की जाएगी। पूजा के मध्य भगवान संभवनाथ का ज्ञान कल्याणक श्लोक का उच्चारण करते हुए जयकारों के साथ ज्ञान कल्याणक अर्घ्य चढ़ाया जाएगा।
महाआरती के बाद समापन होगा। घी वालों का रास्ता स्थित दाई की गली में संभवनाथ चैत्यालय, सोडाला के राधा विहार स्थित श्री संभव नाथ दिगम्बर जैन मंदिर, आगरा रोड पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, मोती सिंह भोमियों का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर चौबीस महाराज, सांगानेर के दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर संघीजी, मोती सिंह भोमियोंं का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर जीऊबाईजी, जनकपुरी, तारों की कूंट पर सूर्य नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन होगे।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर माह में पांच जैन तीर्थंकरों के कल्याणक दिवस भक्तिभाव से मनाए जाएंगे। इस मौके पर दिगम्बर जैन मंदिरों में पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन किए जाएंगे। राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि 19 अक्टूबर को जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान पदमप्रभू का जन्म-तप कल्याणक दिवस मनाया जाएगा। 21 अक्टूबर को भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक दिवस, 23 अक्टूबर को जैन धर्म के नवें तीर्थंकर भगवान पुष्पदंत नाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव, 27 अक्टूबर को जैन धर्म के 22 वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव भक्ति भाव से मनाया जाएगा।