
जयपुर। राजस्थान के पर्यटक गाइड्स की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जयपुर शहर के अनुभवी टूरिस्ट गाइड्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन आयुक्त रुक्मिणी रियार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पर्यटक गाइड्स कल्याण बोर्ड के गठन सहित 26 सूत्रीय मांगों को शामिल किया गया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एंड रिफार्म सोसाइटी के संरक्षक रवि शंकर धाभाई ने बताया कि यदि आगामी बजट में पर्यटक गाइड्स की मांगों को शामिल नहीं किया गया, तो जयपुर में एक बड़े आंदोलन की चेतावनी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटक गाइड पर्यटन उद्योग की रीढ़ हैं। लेकिन आज उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को लेकर सरकारें गंभीर नहीं हैं।
धाभाई ने बताया कि वे सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के टूरिस्ट फैसिलिटेटर भी हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों से राज्य और केंद्र सरकार को लगातार 26 सूत्रीय मांग पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे पर्यटक गाइड्स और उनके परिवारों का भविष्य असुरक्षित बना हुआ है।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राजस्थान पर्यटक गाइड्स कल्याण बोर्ड का गठन करे तथा ठोस नीति बनाकर गाइड्स को आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करे।
इस मौके पर टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एंड रिफार्म सोसाइटी के अध्यक्ष धारा सिंह गुर्जर, प्रदीप चटर्जी, सुदीप चटर्जी, सरला कुमारी, त्रिलोक चंद्र, हरिशंकर मंडुरिया, लोकेश, राजेन्द्र मीणा, उमराव गुर्जर, अजय कुमार दादर, प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पर्यटक गाइड्स उपस्थित रहे।



















